नानी के त्रयोदशाह में आए युवक की करंट के चपेट में आने से दर्दनाक मौत

गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के करहिया गांव में गुरुवार की दोपहर नानी की त्रयोदशाह (श्राद्ध भोज) आए एक इकलौते पुत्र की हाईटेंशन तार की जद में आने से मौत हो गई। जबकि उसे बचाने में एक युवक झुलस गया। इस घटना से घर में कोहराम मच गया। घटना के संबंध में बताया गया है कि सेवराई तहसील क्षेत्र के महना गांव निवासी शशिकांत उपाध्याय का पुत्र टिंकल उपाध्याय अभिषेक (19) गहमर थाना क्षेत्र के करहिया गांव में अपने ननिहाल नानी सुदामी देवी की त्रयोदशाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया गया था। लाइट लगाने के लिए आज दोपहर में वह बांस लेकर आ रहा था। इसी दौरान बांस ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से सट गया, जिससे वह करेंट की जद में चीखने-चिल्लाने लगा। यह देख वहां मौजूद एक युवक उसे बचाने लगा, जिससे वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में परिजन ग्रामीणों के साथ अभिषेक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि झुलसे युवक का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृत युवक दो बहनों में इकलौता भाई था। पिता फौज से सेवानिवृत्त होने के बाद बीएचयू में गार्ड की नौकरी करते हैं। जबकि मां राज कुमारी देवी गृहणी है। एकलौते पुत्र की मौत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं ग्रामीण शोक में डूब गए। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ऐसी कोई घटना उसके संज्ञान में नहीं है और ना ही किसी ने ऐसी किसी घटना की सूचना दी है।