स्वच्छता व्यवस्था को लेकर फोनरवा प्रतिनिधिमंडल ने विशेष कार्याधिकारी क्रांति शेखर से की मुलाकात
नोएडा। शहर में पिछले कई दिनों से चल रही कूड़ा वाहन चालकों की हड़ताल के कारण उत्पन्न स्वच्छता संकट तथा शहर भर में लगे कूड़े के ढेरों से नागरिकों को हो रही भारी परेशानियों के संबंध में आज फोनरवा (Federation of Noida Residents Welfare Associations) के एक प्रतिनिधिमंडल ने विशेष कार्याधिकारी क्रांति शेखर से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि बार-बार होने वाली हड़तालों के कारण शहर की स्वच्छता व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। फोनरवा अध्यक्ष ने क्रान्ति शेखर से कहा कि ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए स्थायी एवं वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि भविष्य में शहरवासियों को इस प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए अपने स्तर पर घर-घर से कूड़ा संग्रहण का कार्य करवाती थीं। उस व्यवस्था में कूड़ा समय पर उठता था तथा संबंधित एजेंसियों पर आरडब्ल्यूए का प्रभावी नियंत्रण भी रहता था। परिणामस्वरूप हड़ताल जैसी परिस्थितियों का सामना कभी नहीं करना पड़ता था।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी चिंता व्यक्त की कि जब से नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग को समाप्त कर उसे सिविल विभाग में समाहित किया गया है, तब से शहर की सफाई व्यवस्था में गिरावट देखने को मिल रही है। विभिन्न वर्क सर्किलों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों के दायित्वों को लेकर स्पष्टता का अभाव दिखाई देता है, जिसके कारण सफाई कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पा रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए बड़े नालों एवं जल निकासी तंत्र की सफाई का मुद्दा भी उठाया_। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मानसून शुरू होने में अब बहुत कम समय शेष है, जबकि अनेक स्थानों पर बड़े नालों की सफाई अभी तक नहीं हुई है। यदि समय रहते आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई तो वर्षा के दौरान सेक्टरों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
बैठक में शहर की स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण, जल निकासी एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई। विशेष कार्याधिकारी श्री क्रांति शेखर ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही एवं समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में अशोक मिश्रा, एडवोकेट लाट साहब लोहिया, प्रदीप वोहरा, जी.एस. सचदेवा, कोसिंदर यादव, विनोद शर्मा, देवेन्द्र यादव, अनीता सिंह एवं सुभाष भाटी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


